Apple यूजर्स के लिए बड़ी खबर! भारत में शुरू हुआ Apple Pay, बिना OTP-PIN ऐसे करें पेमेंट

56

Apple ने आखिरकार भारत में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। अमेरिका में लॉन्च होने के एक दशक से ज्यादा समय बाद अब भारतीय यूजर्स भी iPhone, iPad और Apple Watch के जरिए Apple Pay से पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी ने भारत में यह सर्विस 30 सितंबर से शुरू की है।

हालांकि, फिलहाल Apple Pay का इस्तेमाल सीमित यूजर्स ही कर पाएंगे। शुरुआत में सिर्फ Axis Bank द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है। आने वाले समय में Apple दूसरे बैंकों के कार्ड का सपोर्ट भी शुरू कर सकता है।

Apple का कहना है कि भारत में डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे में Apple Pay यूजर्स के लिए कार्ड से पेमेंट करने का आसान और सुरक्षित तरीका उपलब्ध कराएगा। खास बात यह है कि पेमेंट के समय हर बार OTP या PIN डालने की जरूरत नहीं होगी।

Apple Pay और Apple Wallet की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने कहा कि Apple Pay के जरिए स्टोर पर बिना किसी अतिरिक्त ऐप, PIN या OTP के सिर्फ टैप करके पेमेंट किया जा सकता है। ऑनलाइन पेमेंट के दौरान भी बार-बार कार्ड की जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

क्या है Apple Pay?
Apple Pay, Apple की डिजिटल पेमेंट सर्विस है। इसके जरिए यूजर्स अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर पेमेंट कर सकते हैं।

सामान्य नेट बैंकिंग या कार्ड पेमेंट के दौरान जहां कई बार OTP या PIN की जरूरत पड़ती है, वहीं Apple Pay में पेमेंट को सीधे आपके डिवाइस पर ही ऑथेंटिकेट किया जाता है। इसके लिए Face ID, Touch ID या डिवाइस के पासकोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

भारत में फिलहाल यह सुविधा Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड तक सीमित है। Apple आने वाले समय में दूसरे बैंकों को भी इसमें जोड़ सकता है।

Apple Pay की एंट्री ऐसे समय हुई है जब भारत में UPI पहले ही डिजिटल पेमेंट का बड़ा माध्यम बन चुका है। हालांकि, UPI पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दूसरे पेमेंट विकल्पों को लेकर भी दिलचस्पी बढ़ी है।

iPhone में Apple Pay कैसे सेट करें?
भारत में Apple Pay सेट करना काफी आसान है। इसके लिए iPhone में मौजूद Wallet ऐप खोलें और ऊपर दिए गए ‘+’ बटन पर क्लिक करें। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए अपना योग्य Axis Bank कार्ड जोड़ सकते हैं। यूजर्स चाहें तो Axis Bank ऐप के जरिए भी अपना कार्ड Apple Pay में जोड़ सकते हैं। कार्ड जुड़ने के बाद Apple Pay से पेमेंट किया जा सकता है।

स्टोर पर कैसे करें पेमेंट?
ऑफलाइन स्टोर पर Apple Pay से पेमेंट करने के लिए iPhone में साइड बटन या होम बटन को दो बार दबाना होगा। इसके बाद Face ID, Touch ID या पासकोड से पेमेंट को ऑथेंटिकेट करना होगा। इसके बाद iPhone के ऊपरी हिस्से को कॉन्टैक्टलेस कार्ड रीडर के पास ले जाना होगा। Apple Watch से पेमेंट करने के लिए भी उसे कॉन्टैक्टलेस रीडर के पास ले जाकर भुगतान किया जा सकता है।

ऑनलाइन शॉपिंग में भी कर सकेंगे इस्तेमाल
Apple Pay का इस्तेमाल सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं है। सपोर्ट करने वाले ऐप्स और वेबसाइट्स पर भी इससे पेमेंट किया जा सकता है। इसका फायदा यह है कि हर बार कार्ड नंबर और दूसरी पेमेंट जानकारी दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Apple Pay से पेमेंट करने पर यूजर्स को अपने कार्ड से जुड़े रिवॉर्ड और दूसरे फायदे भी मिलते रहेंगे।

किन iPhone में चलेगा Apple Pay?
भारत में Apple Pay इस्तेमाल करने के लिए कम से कम iPhone XR या उसके बाद के मॉडल की जरूरत होगी और डिवाइस में iOS 18 या उससे नया वर्जन होना चाहिए। Apple Watch में यह सुविधा Series 6 या उसके बाद के मॉडल में उपलब्ध है, जिसके लिए कम से कम watchOS 11 या नया वर्जन चाहिए।

इन जगहों पर कर सकेंगे Apple Pay से पेमेंट
भारत में लॉन्च के समय Apple Pay को कई बड़े ब्रांड्स और प्लेटफॉर्म्स पर स्वीकार किया जा रहा है। इनमें Apple Store, Blinkit, Chaayos, Comet, Croma, Interflora, Ixigo, Le15 Patisserie, Reliance Brands, Tata 1mg और Zomato शामिल हैं।

आने वाले समय में Apple Pay को सपोर्ट करने वाले मर्चेंट्स और ऐप्स की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। Apple के मुताबिक, दुनियाभर में Apple Pay के साथ 11,000 से ज्यादा बैंक और नेटवर्क पार्टनर्स जुड़े हैं और यह सेवा 90 से ज्यादा देशों में उपलब्ध है।

भारत में फिलहाल इसका दायरा सीमित है, लेकिन दूसरे बैंकों के कार्ड और अधिक मर्चेंट्स का सपोर्ट जुड़ने के साथ Apple Pay के इस्तेमाल का दायरा बढ़ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।