कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार? जिन्होंने चाकू के हमले के बीच टाल दिया 9/11 जैसा बड़ा हादसा

68

दुबई से इजराइल जा रही एक फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सह-पायलट ने कथित तौर पर भारतीय कप्तान स्मित मच्छार (Smit Machhar) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और विमान को बड़े हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाई। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मदद से हमलावर को काबू किया गया और 180 इजरायली यात्रियों की जान बच गई है।

विमान में क्या हुआ? शॉर्ट में समझिए पूरी घटना

1. विमान ने भेजे इमरजेंसी सिग्नल घटना के दौरान विमान से पहले 7700 कोड भेजा गया, जो सामान्य इमरजेंसी का संकेत है। इसके कुछ सेकेंड बाद 7500 कोड भेजा गया, जो विमान के हाईजैक होने या उस पर गैरकानूनी कब्जे की स्थिति का संकेत देता है।

2. अचानक 34 हजार फीट से नीचे आया विमान फ्लाइटरडार के आंकड़ों के मुताबिक, विमान कुछ ही मिनटों में करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से गिरकर 16,600 फीट पर आ गया। इसके बाद विमान का रूट बदलकर सऊदी अरब के तबूक की ओर कर दिया गया।

3. कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई झड़प आरोप है कि ओमान के सह-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कप्तान स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच संघर्ष हुआ।

4. घायल होने के बावजूद कप्तान ने दिखाई हिम्मत हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हमलावर का सामना किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे बाहर मौजूद लोगों को अंदर पहुंचने का मौका मिला।

5. यात्रियों और क्रू ने हमलावर को पकड़ा कॉकपिट में पहुंचे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने मिलकर कथित हमलावर सह-पायलट को काबू कर लिया। इससे विमान पर उसका नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश नाकाम हो गई।

6. कॉकपिट में बिखरा था खून एक यात्री के हवाले से आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनी थीं। अंदर पहुंचने पर एक पायलट घायल अवस्था में मिला। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और कॉकपिट में खून बिखरा हुआ था।

7. इजराइली डेंटिस्ट ने किया प्राथमिक उपचार घायल कप्तान की हालत गंभीर बताई गई। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मदद से उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

8. इजराइल ने सुरक्षा के लिए भेजे लड़ाकू विमान हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद इजराइली वायुसेना ने लड़ाकू विमान रवाना किए। वहीं, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घटना को लेकर सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की।

9. सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतारा गया विमान सुरक्षा कारणों से विमान का रास्ता बदलकर उसे सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतारा गया। घटना के दौरान इजराइल ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया।

10. आतंकी हमले के एंगल से भी जांच इजराइली एजेंसियां इस घटना में आतंकी हमले की आशंका समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। जांच में शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

स्मित मच्छार के बारें में:
कैप्टन स्मित मच्छार मूल रूप से गुजरात से हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे अब दुबई में रहते हैं। उन्होंने चार साल पहले फ्लाईदुबई जॉइन किया था। वह फ्लाईदुबई में पायलट हैं।

फ्लाईदुबई से पहले स्मित ने 11 साल से ज्यादा समय तक स्पाइसजेट में काम किया। यहां उन्होंने 9500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी। इनमें 6400 घंटे से ज्यादा समय विमान के मुख्य पायलट यानी पायलट-इन-कमांड के तौर पर था।

जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई जॉइन की थी। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्हें कमर्शियल विमान उड़ाने का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने बोइंग 737 विमानों पर करीब 9750 घंटे उड़ान भरी है। इसके अलावा वे पायलटों की ट्रेनिंग, उनकी जांच और उन्हें काम के दौरान गाइड करने का काम भी करते थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।