4 अक्टूबर को कामधेनु सत्संग भवन में सजेगा ‘एक शाम मां ब्रह्माणी के नाम’ का भक्ति दरबार
हनुमानगढ़। पल्लू धाम परिवार हनुमानगढ़ टाउन की ओर से आयोजित होने वाले ‘एक शाम मां ब्रह्माणी के नाम’ पंचम मंगलपाठ महोत्सव एवं दिव्य ज्योति दर्शन महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। महोत्सव का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 रविवार को दोपहर 1.15 बजे कामधेनु सत्संग भवन, श्री गौशाला समिति, चिल्ड्रन स्कूल के सामने, हनुमानगढ़ टाउन में किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। पल्लू धाम परिवार के संरक्षक अशोक ढाबीवाल ने बताया कि महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को प्रचार रथ को विधि-विधान के साथ रवाना किया गया। शीला माता मंदिर के पास स्थित काली माता मंदिर में पंडित श्याम सुंदर ने पूजा-अर्चना करवाकर प्रचार रथ की विधिवत पूजा करवाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां का जयघोष करते हुए प्रचार रथ को रवाना किया। इस अवसर पर अशोक ढाबीवाल, विनोद बंसल, प्रियंका भाकर, विकी खदरिया, सुशील ढाबी, दीपू खदरिया, केशव गर्ग, पंकज सिंगला, ललित गोयल, शिव भगवान, दया अग्रवाल, ममता बंसल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रचार रथ हनुमानगढ़ टाउन सहित आसपास के गांवों में भ्रमण कर श्रद्धालुओं को महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण देगा। पल्लू धाम परिवार के सदस्यों ने बताया कि माता पल्लूवाली के इस वार्षिक धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भक्तजन मंगलपाठ में शामिल होकर मां ब्रह्माणी की आराधना करेंगे तथा दिव्य ज्योति दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। विनोद बंसल ने बताया कि पंचम मंगलपाठ पल्लू धाम के पुजारी श्री गोरधन जी भाटी के सानिध्य में होगा व पाठ का वाचन पवन खेड़ा एवं राकेश खेड़ा द्वारा किया जाएगा। मंगलपाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 4 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मंगलपाठ में सहभागी बनें और धर्म, भक्ति एवं आस्था के इस आयोजन को सफल बनाएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































