नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

30

– धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका, शिक्षा व्यवस्था बचाने की उठाई मांग
हनुमानगढ़। नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
रोष मार्च में पूर्व जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
विधायक विनोद गोठवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। गोठवाल ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही है और अब परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने में भी नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण मेहनतकश विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत बर्बाद हो रही है।
विधायक गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती तथा निष्पक्ष जांच नहीं करवाई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से हिम्मत बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।