भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली ठंडे मीठे पानी की राहत

43

हनुमानगढ़ टाउन के फतेहगढ़ रोड स्थित अंबिका सिटी के सामने वार्ड नंबर 28, दूधवाल कॉलोनी के युवाओं ने भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मानव सेवा की मिसाल पेश की। तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच युवाओं द्वारा ठंडे मीठे पानी की छबील लगाकर राहगीरों को राहत पहुंचाई गई। इस सेवा कार्य को स्थानीय लोगों और राहगीरों ने खूब सराहा। इस अवसर पर जुगल किशोर स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 28, दूधवाल कॉलोनी के युवाओं ने अपने जेब खर्च से यह जल सेवा आयोजित की। फतेहगढ़ रोड से गुजरने वाले पैदल राहगीरों, बसों, ऑटो रिक्शा, ट्रैक्टर- ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में सवार लोगों को रोक-रोक कर ठंडा मीठा पानी, शरबत और नींबू पानी पिलाया गया। भीषण गर्मी में जब तापमान अपने चरम पर था, तब इस प्रकार की सेवा से लोगों को बड़ी राहत मिली। जुगल किशोर स्वामी ने बताया कि इस छबील के माध्यम से करीब 2.5 क्विंटल चीनी, पांच पेटी शरबत और लगभग 35 किलो नींबू का उपयोग कर शरबत और शिकंजी तैयार की गई। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक यह जल सेवा लगातार जारी रही। खास बात यह रही कि इस सेवा में छोटे-छोटे बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ भाग लिया। वे लगातार सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को पानी पिलाते रहे, जिससे किसी को भी गर्मी में प्यासा न रहना पड़े। इस सेवा कार्य में रमेश नाथ, विकास बामनिया, राम अवतार स्वामी, ओम डेंटर, भंवर सेन, सेवक सिंह, बबलू दास, राजकुमार पेंटर, शंटी डाबला, महावीर भंढाड, विजय कुमार, हिमांशु सेन, सनी, दिलीप, प्रणम सिंह, ओम प्रकाश स्वामी, पवन भाटी, विद्याधर स्वामी,पंकज जलंधरा, वीरेंद्र सिंह सहित अनेक युवाओं ने सक्रिय रूप से योगदान दिया। सभी ने मिलकर जिम्मेदारियां निभाईं और सेवा को सफल बनाया। राहगीरों ने इस पहल की खुले दिल से प्रशंसा की और युवाओं का धन्यवाद किया। लोगों का कहना था कि ऐसी भीषण गर्मी में ठंडा पानी और शरबत मिल जाना किसी राहत से कम नहीं है। युवाओं की यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।