यातायात जागरूकता और जनसेवा को लेकर समिति सक्रिय

25

– डीटीओ कार्यालय में हुई बैठक, नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा का किया अभिनंदन
हनुमानगढ़ ।
 यातायात सलाहकार जन सेवा समिति की बैठक शुक्रवार को जंक्शन स्थित डीटीओ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए समिति की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बैठक में भटनेर किंग्स क्लब, बार एसोसिएशन तथा ट्रांसपोर्टर हनुमानगढ़ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी संगठन मिलकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही डीटीओ कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आमजन को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करने का आश्वासन दिया गया।
समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात सलाहकार जन सेवा समिति केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता देगी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए समिति आगामी दिनों में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर डीटीओ कार्यालय परिसर में परिंडे लगाएगी, ताकि पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी समय-समय पर सेवा कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना समिति का मुख्य उद्देश्य रहेगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा वाहन चालकों और युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में मौजूद सदस्यों ने भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।