*इंदिरा कॉलोनी व सूर्य नगर की विद्युत समस्याओं पर निगम से हुई वार्ता*

35
*- भाजपा शिष्टमंडल ने एईएन से मिलकर कराया समाधान का आश्वासन, नए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश*
हनुमानगढ़। इंदिरा कॉलोनी एवं सूर्य नगर में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहंदीरता के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने विद्युत निगम के सहायक अभियंता मुकेश शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न कॉलोनियों में ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने तथा तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग रखी गई।
बैठक के दौरान सहायक अभियंता मुकेश शर्मा ने मौके पर ही कनिष्ठ अभियंता जयपाल को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने इंदिरा कॉलोनी की गली नंबर 3 में शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिल सके। इसके अलावा गली नंबर 4 और 5 के मध्य लगाए गए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को तुरंत दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर को ठीक करने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी तथा नया ट्रांसफार्मर भी जल्द स्थापित किया जाएगा।
शिष्टमंडल ने सूर्य नगर क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी रखी। इस पर सहायक अभियंता ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र में लोड एवं मांग के अनुरूप उपयुक्त स्थान का चयन कर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की अन्य विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहंदीरता ने विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और निगम द्वारा सकारात्मक कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।