– यातायात सलाहकार जन सेवा समिति ने सौंपा ज्ञापन, वाहन स्वामियों व ट्रांसपोर्टरों को राहत दिलाने की उठाई मांग
हनुमानगढ़। यातायात सलाहकार जन सेवा समिति, हनुमानगढ़ ने जिले में वाहन फिटनेस सेंटर की तत्काल स्थापना की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। समिति अध्यक्ष मंगल सिल्लू ने बताया कि हनुमानगढ़ परिवहन कार्यालय में लंबे समय से वाहन फिटनेस जांच के लिए अधिकृत फिटनेस सेंटर का अभाव बना हुआ है, जिससे वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टरों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ ही नहीं बल्कि श्रीगंगानगर, सादुलशहर और सूरतगढ़ क्षेत्र में भी वाहन फिटनेस की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में व्यावसायिक एवं अन्य वाहनों की फिटनेस करवाने के लिए वाहन मालिकों को 100 से 200 किलोमीटर तक दूर स्थित केंद्रों पर जाना पड़ता है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि ईंधन, श्रम एवं अन्य खर्चों के रूप में अतिरिक्त आर्थिक भार भी उठाना पड़ता है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कई वाहन फिटनेस सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण समय पर फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं कर पाते, जिसके चलते परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के चालान बनाए जाते हैं। इससे वाहन संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
ज्ञापन में मांग की गई कि हनुमानगढ़ में प्रस्तावित एटीएस फिटनेस सेंटर को तत्काल प्रभाव से शुरू करने के आदेश जारी किए जाएं ताकि क्षेत्र के हजारों वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों को राहत मिल सके। समिति ने कहा कि फिटनेस सेंटर शुरू होने से वाहनों की तकनीकी जांच समय पर हो सकेगी, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा अनावश्यक रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की मजबूरी भी समाप्त होगी।
यातायात सलाहकार जन सेवा समिति अध्यक्ष मंगल सिल्लू ने प्रशासन एवं परिवहन विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। समिति का कहना है कि फिटनेस सेंटर की स्थापना से न केवल वाहन स्वामियों की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुचारू और सुरक्षित बन सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































