“द ईगल फाउंडेशन” की अनूठी पहल, लगाया गया लकड़ी का बर्ड हाउस’

38

हनुमानगढ़। प्रकृति एवं पक्षी संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए द ईगल फाउंडेशन ने जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में एक विशेष अभियान के तहत लकड़ी से निर्मित बर्ड हाउस (पक्षी आवास) स्थापित किया। संस्था का उद्देश्य पक्षियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना तथा आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि तेजी से बदलते पर्यावरणीय हालात और प्राकृतिक आवासों में कमी के कारण कई पक्षी प्रजातियों को सुरक्षित घोंसले नहीं मिल पाते। ऐसे में बर्ड हाउस लगाने जैसी पहल पक्षियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पहलगाम जैसे प्राकृतिक और हरित क्षेत्र में इस बर्ड हाउस की स्थापना स्थानीय पक्षियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।
द ईगल फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल पक्षियों के लिए आश्रय उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना भी है। संस्था भविष्य में भी देश के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। संस्था ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पक्षियों और वन्यजीवों के संरक्षण हेतु आगे आएं तथा अपने आसपास भी बर्ड हाउस लगाने और वृक्षारोपण जैसे कार्यों में भागीदारी निभाएं।
द ईगल फाउंडेशन का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर प्रकृति संरक्षण के बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।