– धार्मिक स्वतंत्रता के हनन पर जताई चिंता, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर देश के विभिन्न राज्यों में ईसाई एवं बौद्ध समुदाय के लोगों के साथ कथित रूप से हो रही प्रताड़ना, धार्मिक स्वतंत्रता के हनन तथा झूठे प्रकरण दर्ज किए जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।
प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में बताया गया कि देश के कई हिस्सों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें कुछ संगठनों द्वारा ईसाई और बौद्ध समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि धार्मिक स्थलों पर जाकर उपासना और प्रार्थना कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न की जाती है तथा पादरियों, भंते और श्रद्धालुओं के खिलाफ झूठे धर्मांतरण के मामले दर्ज कराकर भय का माहौल बनाया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की घटनाएं भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन हैं और सामाजिक सौहार्द के लिए भी चुनौती हैं।
भीम आर्मी ने राष्ट्रपति से मांग की कि ऐसी घटनाओं में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत धार्मिक भावनाओं को आहत करने, धार्मिक स्थलों पर अवैध प्रवेश, नुकसान पहुंचाने, धमकी देने तथा शांति भंग करने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि ईसाई एवं बौद्ध समुदाय के लोगों को निर्भय होकर अपनी धार्मिक उपासना करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और संरक्षण प्रदान किया जाए।
संगठन ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से सभी राज्यों के पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की ताकि ऐसे मामलों में निष्पक्षता और तत्परता से कार्रवाई हो सके। ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए शीघ्र और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन देशव्यापी जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल, जिलाध्यक्ष सन्तोष पूनिया, तहसील अध्यक्ष सुखपाल कौर, सावित्री देवी, निर्मल सिंह, मंजू देवी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































