पीटीआई भर्ती रद्द होने से बेरोजगार युवाओं में रोष, सरकार के खिलाफ ज्ञापन सौंपा

23

– आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने युवाओं की परेशानियों को उठाया, आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। राजस्थान में पीटीआई भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष प्रेम सिंह शेखावत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर लाखों बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया रद्द होने से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक कष्टों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि पीटीआई भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए प्रदेशभर के हजारों युवाओं ने पिछले छह से सात माह से लगातार मेहनत की। कई अभ्यर्थी अपने गांव और घरों से दूर शहरों में किराये के मकान लेकर रह रहे थे, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक छात्र इंदिरा रसोई, गुरुद्वारों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भोजन प्राप्त कर अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए थे। अभ्यर्थियों ने कोचिंग, अध्ययन सामग्री, आवास एवं आवेदन शुल्क पर हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन सरकार द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने से उनकी मेहनत और उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
युवा जिलाध्यक्ष छिंदरपाल वर्मा ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा बार-बार परीक्षाओं का रद्द होना तथा पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं का सबसे अधिक नुकसान गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं को उठाना पड़ता है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।