देश में पेपर लीक पर नहीं लग रही लगाम! अब महाराष्ट्र में TET परीक्षा भी लीक, जानें अब आगे क्या होगा?

64

मुंबई: भारत में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में कई बड़ी परीक्षाएं पेपर लीक के आरोपों के कारण विवादों में रही हैं और अब इस कड़ी में महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET paper leak) भी शामिल हो गई है। 28 जून को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका के चलते स्थगित कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, ठाणे जिले में कुछ लोगों के पास से परीक्षा से जुड़े प्रश्न मिलने के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। फिलहाल शिक्षा विभाग यह जांच कर रहा है कि बरामद किया गया प्रश्नपत्र वास्तव में TET 2025 का असली पेपर है या फिर केवल मॉक टेस्ट का प्रश्नपत्र। इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का अंतिम फैसला लिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि संख्या नहीं बताई है। यह कार्रवाई एग्जाम के 24 घंटे पहले की गई। परीक्षा में 4.28 लाख ज्यादा उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। महाराष्ट्र में टीचर बनने के लिए या जो पहले से सरकारी टीचर हैं, उनके लिए भी TET कंपलसरी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर होनी थी परीक्षा
सुप्रीम कोर्ट ने 29 मई को आदेश दिया था कि स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों के लिए टीचर इलिजिबिलटी टेस्ट (TET) पास करना अनिवार्य है। कोर्ट ने TET पास करने की समय सीमा 31 अगस्त 2027 से बढ़ाकर 31 अगस्त 2028 कर दी। हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इसके बाद कोई और समय नहीं दिया जाएगा। कोर्ट ने कहा, बिना TET योग्यता वाले शिक्षक सेवा में बने रहे तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों की शिक्षा पर पड़ेगा। फैसले का असर देश के 20 लाख से ज्यादा शिक्षकों पर होगा।

कब होगी अब परीक्षा
एमएससीई ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण पेपर लीक के गंभीर आरोपों को देखते हुए 28 जून को होने वाली TET 2025 परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि जांच में यह पुष्टि हो जाती है कि बरामद प्रश्नपत्र वास्तव में परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से मेल खाता है, तो शिक्षा विभाग परीक्षा को पूरी तरह रद्द करने पर भी विचार कर सकता है। ऐसी स्थिति में इस पूरे मामले में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज कर दी जाएगी।

लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने एक बार फिर देश की परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों अभ्यर्थी लंबे समय तक मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन हर बार ऐसे मामलों के सामने आने से उनकी उम्मीदों और भविष्य पर असर पड़ता है। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और नई परीक्षा तिथि की घोषणा पर टिकी हुई है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा
पेपर लीक की खबर के बाद अभ्यर्थियों की चिंता को देखते हुए परीक्षा परिषद की उपआयुक्त प्रिया शिंदे ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों को न तो कोई अतिरिक्त शुल्क देना होगा और न ही दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, “इस पूरे मामले में अभ्यर्थियों की कोई गलती नहीं है। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने या कोई अतिरिक्त फीस देने की जरूरत नहीं होगी।”

प्रिया शिंदे ने बताया कि ठाणे और भिवंडी में प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। उनके मुताबिक, इतने बड़े स्तर की परीक्षा आयोजित करने में आमतौर पर लगभग तीन सप्ताह का समय लगता है।

उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अब तक तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है, जबकि पुलिस की जांच लगातार जारी है। परीक्षा परिषद ने भी अपनी समानांतर जांच शुरू कर दी है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।