निःशुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ

34

– विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य परामर्श, प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान
हनुमानगढ़, 6 जुलाई। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास एवं वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को हनुमानगढ़ जंक्शन के गांधी नगर स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में निःशुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा फीता काटकर तथा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुर्वेद आधारित उपचार संबंधी मार्गदर्शन का लाभ उठाया।
उद्घाटन समारोह में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के अध्यक्ष अश्विनी नारंग, वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर व एसकेडी संस्थापक बाबूलाल जुनेजा, प्रन्यास उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल बब्बू, महावीर शर्मा, भीष्म कौशिक, विजय भूतना, रत्तीराम शाक्य, चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार बंसल, विजय कौशिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राकेश एवं डॉ. मांगीलाल सुथार ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें व्यक्तिगत चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों के दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याओं, स्लिप डिस्क, नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी सहित विभिन्न दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के अनुरूप उपचार एवं जीवनशैली संबंधी सुझाव दिए गए। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों में आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।