संदिग्ध मौत और बिना सूचना अंतिम संस्कार का मामला गरमाया

28

-ग्रामीणों व वाल्मीकी समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंप निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
हनुमानगढ़। रणजीतपुरा निवासी विनोद कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत तथा परिजनों को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार किए जाने के आरोपों को लेकर मामला गंभीर होता जा रहा है। इस संबंध में गांव मसीतावाली के ग्रामीणों एवं वाल्मीकी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिस अधिकारी की भूमिका की जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के साथ प्रस्तुत शिकायत के अनुसार रणजीतपुरा निवासी मीरा पत्नी साहबराम ने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र विनोद कुमार 8 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे मसीतावाली हेड क्षेत्र में गाय चराने गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने लखुवाली चौकी, मसीतावाली हेड पुलिस चौकी तथा तलवाड़ा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर उन्हें एक-दूसरे थाने और चौकियों के चक्कर कटवाए तथा समय पर परिवाद दर्ज नहीं किया।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि 16 जुलाई 2026 को मसीतावाली हेड पुलिस चौकी के तत्कालीन प्रभारी अजीत सिंह ने परिजनों को विनोद कुमार की मृत्यु की सूचना दी और उसके सामान की पहचान करवाई। इसके बाद, शिकायतकर्ता के अनुसार, परिजनों को बिना विश्वास में लिए और बिना उनकी उपस्थिति के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में मीरा ने अपने पुत्र की हत्या की आशंका भी व्यक्त की है। उन्होंने रणजीतपुरा निवासी महेंद्र नायक पुत्र हरचंद नायक सहित लखुवाली के दो अन्य व्यक्तियों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि ये लोग प्रतिदिन विनोद कुमार के साथ रहते थे, इसलिए मामले की जांच में इनकी भूमिका की भी गहन पड़ताल की जानी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।