नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का प्रदर्शन

29

-लाल चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर केन्द्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
हनुमानगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे विद्यार्थियों एवं युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में डीवाईएफआई व एसएफआई ने जिला महासचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में बुधवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित लाल चौक पर युवाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और घटना की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।  जिला महासचिव वेद मक्कासर ने कहा कि देशभर के विद्यार्थी अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप था कि दिल्ली में आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं पर बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज किया गया, जिसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए और लाल चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। युवाओं ने कहा कि जब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला महासचिव वेद मक्कासर के साथ देवीलाल धोलीपाल, सहदेव गोस्वामी, सुरेंद्र दहिया, जोरावरपुरा, बालकरण सिंह, सुनील कुमार, राम सिंह अनिल कुमार वीर सिंह पवन मोहित इंसा आनंद कुमार तथा सुशील खान टिब्बी सहित कई युवा मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच, दोषियों को कड़ी सजा तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।