एफसीआई लेबर एवं पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) का 20वां जिला सम्मेलन संपन्न

32

-नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प

हनुमानगढ़। एफसीआई लेबर एवं पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) का 20वां जिला सम्मेलन बुधवार को जनशक्ति भवन, हनुमानगढ़ टाउन में उत्साहपूर्ण एवं संघर्षशील माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिलेभर से आए मजदूर प्रतिनिधियों एवं यूनियन सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने एवं मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।
सम्मेलन का शुभारंभ वरिष्ठ नेता कामरेड आत्मा सिंह द्वारा यूनियन का ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात शोक संदेश का वाचन कर दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कामरेड रमेश्वर वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के माध्यम से श्रमिकों के वर्षों से अर्जित अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर का मजदूर वर्ग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और वर्तमान राजनीतिक एवं आर्थिक परिस्थितियों में श्रमिक एकता पहले से अधिक आवश्यक हो गई है। उन्होंने श्रमिक संगठनों से संगठित होकर जनहित एवं मजदूर हित के मुद्दों पर संघर्ष को और मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए एफसीआई जिला सचिव एवं सीटू नेता कामरेड गुरप्रेम सिंह तथा कामरेड बहादुर सिंह चौहान ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर आघात बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और ऐसे मामलों में दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।