गुरु पूर्णिमा पर आनंद भवन में अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ

44

29 जुलाई को भोग, हवन-यज्ञ, रक्षा विधान एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा समापन
हनुमानगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमानगढ़ टाउन के सेक्टर नंबर 3 स्थित आनंद भवन में मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संगीतमय अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। यह अखंड पाठ लगातार 24 घंटे तक चलेगा और इसका समापन बुधवार, 29 जुलाई को प्रातः 9:00 बजे भोग एवं हवन-यज्ञ के साथ होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर प्रभु श्रीराम के भजनों और मानस पाठ का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। यह धार्मिक अनुष्ठान पंडित गुरुदेव विजय आनंद शास्त्री के सानिध्य में संपन्न कराया जा रहा है। गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार, 29 जुलाई को भोग एवं हवन-यज्ञ के पश्चात गुरु पूर्णिमा का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही गुरुदेव विजय आनंद शास्त्री के शिष्यों के कल्याण एवं लोकमंगल की भावना से एक विशाल यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। प्रातः 11:00 बजे रक्षा विधान कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें गुरुदेव अपने शिष्यों को रक्षा सूत्र बांधकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा, आध्यात्मिक मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति की परंपराओं का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का यह महापर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, ज्ञान और संस्कारों का प्रतीक है। अखंड रामचरितमानस पाठ, हवन-यज्ञ, रक्षा विधान तथा प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त करें और समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सद्भावना के संदेश को आगे बढ़ाएं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।