-महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र के नेतृत्व में छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति का दिया संदेश
हनुमानगढ़। समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र के नेतृत्व में गुरुवार को टाउन स्थित वीएम पब्लिक स्कूल में महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सेफ सिटी अभियान, राजकॉप ऐप, आत्मरक्षा एवं पोक्सो एक्ट की जानकारी दी, वहीं साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए तथा चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। मुख्य अतिथि एएसपी राज कंवर ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि किसी बच्ची या महिला के साथ कोई अपराध होता है और उसकी जानकारी होने के बावजूद उसे छिपाया जाता है, तो यह भी अपराध को बढ़ावा देने जैसा है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को दें, ताकि समय रहते पीड़िता को न्याय मिल सके और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो।उन्होंने जिले में बढ़ रहे नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































