बैंकिंग योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में बीसी की भूमिका अहम : आरबीआई एजीएम रवि कुमार

20

हनुमानगढ़। भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी रवि गहलावत की ओर से जंक्शन स्थित आरसेटी परिसर में बीसी के लिए एक विशेष मित्रवत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सभी बैंकों के बीसी ने भाग लिया, जिन्हें आरबीआई की गाइडलाइंस के बारे में विस्तार से बताया। कार्यशाला का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा बैंक मित्रों को बैंकिंग क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों, सुविधाओं और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के एजीएम रवि कुमार, विशिष्ट अतिथि आरबीओ-5 के मुख्य प्रबंधक पीसी कुमावत एवं आरसेटी निदेशक बिधु शंकर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने की।
मुख्य अतिथि आरबीआई एजीएम रवि कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बीसी बैंकिंग व्यवस्था और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब पात्र व्यक्ति को समय पर सही जानकारी मिले और वह आसानी से इन योजनाओं का लाभ उठा सके। इसके लिए बैंक मित्रों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आमजन को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल बैंकिंग के दौर में ग्राहकों को सुरक्षित लेनदेन के प्रति जागरूक करना भी बैंक मित्रों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बैंक मित्रों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों, बचत खाते खोलने की प्रक्रिया, विभिन्न ऋण योजनाओं तथा बैंकिंग क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।