हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना प्रभारी रायसिंह के कथित तबादले के प्रयासों के विरोध में गुरुवार को सर्व समाज एवं पीलीबंगा के आमजन की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं ईमानदारी से कार्य कर रहे थानाधिकारी को यथावत रखने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन का पुलिस और कानून व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रायसिंह ने पीलीबंगा क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इसके चलते स्मैक, चिट्टा, नशीली गोलियों सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। ज्ञापन के अनुसार क्षेत्र में नशा बेचने वाले और नशे के कारोबार से जुड़े कई लोगों पर कार्रवाई होने से ऐसे तत्वों में भय का माहौल बना है और आम नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ज्ञापन में सामाजिक समरसता मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट उर्फ प्रकाशनाथ ने बताया कि दो दिन पूर्व थाना प्रभारी द्वारा नियमित गश्त और जांच अभियान के दौरान नशे के एक संदिग्ध प्वाइंट पर खड़ी एक गाड़ी की सामान्य जांच की गई थी। आरोप लगाया गया कि इसी घटना को कुछ लोगों ने जानबूझकर राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया और थानाधिकारी के खिलाफ शिकायतें शुरू कर दीं। ज्ञापन में दावा किया गया कि यह कार्रवाई पुलिस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा थी और इसमें थाना प्रभारी की ओर से किसी प्रकार की अनियमितता नहीं थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































