मोटरसाइकिल रैली के साथ निकाला शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाने का किया आह्वान

30

हनुमानगढ़। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड सुदीप दत्ता के पहली बार हनुमानगढ़ आगमन पर गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिलों की विशाल रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर सीटू जिला कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान मजदूर, किसान, छात्र और विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर नेताओं का स्वागत किया गया।
रैली में सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड सुदीप दत्ता के साथ राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कामरेड एम. साईं बाबू, सीटू राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड भंवर सिंह शेखावत, प्रदेश महामंत्री कामरेड वी.एस. राणा, वरिष्ठ नेता कामरेड रामेश्वर वर्मा तथा कामरेड आत्मा सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। जंक्शन रेलवे स्टेशन से शुरू हुई रैली अनाज मंडी सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सीटू जिला कार्यालय के निकट पहुंची, जहां विशाल आमसभा का आयोजन किया गया।
रैली के दौरान सीटू से जुड़े विभिन्न संगठनों, अखिल भारतीय किसान सभा, जनवादी महिला समिति, खेत मजदूर यूनियन तथा स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर नेताओं का स्वागत किया। बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं ने मजदूर-किसान एकता और श्रमिक अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए। पूरे मार्ग में रैली को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
आमसभा को संबोधित करते हुए सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड सुदीप दत्ता ने 10 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में देश के सभी केंद्रीय श्रम संगठन, संयुक्त किसान मोर्चा, खेत मजदूर यूनियन सहित अनेक जनसंगठन भाग लेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की तैयारी करने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।