जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों का भूमि पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

49

*चौतीना कुआं स्थित हनुमान मंदिर में गणमान्य नागरिकों ने किया पूजन, 4 सितम्बर को मनाया जायेगा जन्माष्टमी महोत्सव*
हनुमानगढ़। नगरपरिषद हनुमानगढ़ के चौतीना कुआं स्थित हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी पर्व के आयोजन को लेकर तैयारियों का विधिवत शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया। शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर कृष्ण क्लब एवं हनुमान मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आगामी 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा की तथा आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने का संकल्प लिया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी पर्व को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। आगामी 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव में बाहर से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और शहरवासियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सुंदरकांड मित्र मंडल एवं श्याम भजन मंडल के सभी सदस्य एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सदस्यों ने आयोजन की सफलता के लिए सहयोग करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही। मंदिर सेवा समिति की ओर से आयोजन स्थल की सजावट, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।