हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 18 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड 18 से निर्दलीय प्रत्याशी रेखा कुमारी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल ने किया। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक एवं वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया और प्रत्याशी के समर्थन में नारे भी लगाए गए।
इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में इस बार जनता बदलाव के मूड में है और नगर परिषद में जनता का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसा बोर्ड आवश्यक है जो जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करे। उन्होंने वार्डवासियों से रेखा कुमारी के पक्ष में समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें मजबूत जनसमर्थन मिल रहा है।
रेखा कुमारी पूर्व उपसभापति कालूराम शर्मा की पुत्रवधू हैं। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े परिवार की पृष्ठभूमि के चलते उन्हें वार्ड 18 में मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में समर्थकों ने रेखा कुमारी के पक्ष में एकजुटता प्रदर्शित करते हुए चुनाव में उन्हें विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
विधायक बंसल ने कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशी का नहीं, बल्कि वार्ड के भविष्य और विकास की दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत समस्याओं, सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
निर्दलीय प्रत्याशी रेखा कुमारी ने कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल एवं उपस्थित वार्डवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों का विश्वास और समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। वह वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































