हनुमानगढ़ टाउन। टाउन स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह, छावनी बुढ्ढा दल में जोड़ मेले का आयोजन 10 सितम्बर 2026 को बड़ी ही श्रद्वा के साथ किया जा रहा है । यह आयोजन पंथ की महान शख्सियत शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन, सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह अकाली 96वें करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ्ढा दल (पंजाब) के पावन संरक्षण में मनाया जा रहा है। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में लड़ीवार श्री अखंड पाठ साहिब की श्रृंखला निरंतर चल रही है। मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने समागम के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सालाना जोड़ मेले के तहत 9 सितंबर की रात्रि को भव्य खुले दीवान सजाए जाएंगे। इसके पश्चात मुख्य दिवस 10 सितंबर को लड़ीवार अखंड पाठों के विधिवत भोग डाले जाएंगे। भोग उपरांत विशाल खुले दीवान सजेंगे, जिनमें पंथिक रागी, ढाडी व कथावाचक संगत को गुरबाणी और सिख इतिहास से जोड़ेंगे। इस अवसर पर विशेष रूप से खंडे-बाटे का अमृत संचार करवाया जाएगा। बाबा जोगा सिंह ने अपील की कि जो भी श्रद्धालु अमृत छक कर गुरु के लड़े लगना चाहते हैं, वे अपना नाम गुरुघर के मुख्य कार्यालय में समय रहते दर्ज करवा सकते हैं। इस सालाना जोड़ मेले में प्रमुख धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, निहंग सिंह जत्थेबंदियों के प्रमुख साहिबान तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मुख्य सेवादार विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































