हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव वार्ड 40 में चुनावी हलचल तेज, अमित मित्तल के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

27
​विधायक गणेश राज बंसल ने की समर्थन की अपील, बोले— 36+ सीटों के साथ नगर परिषद में बनेगा जनता का बोर्ड
​हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 40 में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। इसी क्रम में प्रेम नगर में निर्दलीय प्रत्याशी अमित मित्तल के समर्थन में एक विशाल नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल ने वार्डवासियों से आगामी 11 सितंबर को अमित मित्तल के पक्ष में भारी मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
​सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि शहर को पिछले छह वर्षों में विकास की सही दशा और दिशा मिली है। पूरे शहर में जिस गति से आधारभूत ढांचे का विस्तार हुआ है, उसी तर्ज पर वार्ड नंबर 40 का भी समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में 36 से अधिक सीटों के साथ पूर्ण बहुमत से जनता का बोर्ड बनेगा। विधायक ने जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सड़क, पानी, रोशनी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी हर समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
​निर्दलीय प्रत्याशी अमित मित्तल ने वार्डवासियों से मिले अपार जनसमर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों का यह विश्वास उनके दायित्व को और बढ़ा देता है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि जीत के बाद वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही पट्टों की मांग को प्रमुखता से पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही गलियों में पक्की सड़कें, नालियां, सामुदायिक पार्क और रोशनी की उचित व्यवस्था की जाएगी। उनका मुख्य लक्ष्य वार्ड को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।