– चुनाव तक छापेमारी व दबाव की राजनीति नहीं करने पर बनी सहमति, एसडीएम रवि कुमार व सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण से वार्ता के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
हनुमानगढ़। निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल की टीम से चुने गए पार्षदों और समर्थकों के प्रतिष्ठानों पर विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही कथित छापेमारी तथा दबाव बनाने के विरोध में शनिवार को जंक्शन में बड़ा प्रदर्शन किया गया। जंक्शन स्थित अग्रसेन भवन में बड़ी संख्या में विधायक समर्थक एकत्र हुए। सभा के दौरान वक्ताओं ने विभिन्न विभागों की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव को प्रभावित करने के लिए पार्षदों एवं समर्थकों पर दबाव बनाया जा रहा है।
सभा के बाद समर्थकों ने अग्रसेन भवन से पुलिस थाना जंक्शन तक रोष मार्च निकाला। मार्च के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर दिखाई दिए। समर्थकों ने ‘मेरी आवाज गणेशराज’, ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ और ‘लोकतंत्र की हत्या नहीं सहेंगे’, ‘नहीं झुकेगा हनुमानगढ़’ जैसे नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा और समर्थकों ने एकजुट होकर कार्रवाई का विरोध किया।
सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गणेशराज बंसल की टीम से चुनाव जीतकर आए पार्षदों तथा उनके समर्थकों के प्रतिष्ठानों को विभिन्न विभागों की ओर से निशाना बनाया जा रहा है। समर्थकों का आरोप था कि छापेमारी और जांच की कार्रवाई के माध्यम से पार्षदों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे नगर परिषद सभापति चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के संबंध में कोई शिकायत अथवा अनियमितता है तो नियमानुसार जांच की जाए, लेकिन चुनाव के ठीक पहले कार्रवाई कर राजनीतिक दबाव बनाने की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सभापति पद हासिल करने के लिए पार्षदों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि दबाव के माध्यम से अपना बोर्ड बनाया जा सके। हालांकि ये आरोप प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं और समर्थकों की ओर से लगाए गए। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष रखा जाए और किसी भी राजनीतिक दल या पक्ष की ओर से पार्षदों पर दबाव नहीं बनाया जाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































