फाइनल में नंदराम की ढाणी को हराया, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
हनुमानगढ़। 20 से 23 सितंबर 2026 तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुंडा वर्षीय, हनुमानगढ़ में आयोजित 31वीं जिला स्तरीय विद्यालयी नेटबॉल प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद मंगलवार को विद्यालय पहुंचने पर विजेता टीम का प्रिंसीपल परमजीत सिंह के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम के कोच गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल की टीम ने शुरुआत से ही बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राजकीय स्कूल पीलीबंगा की टीम को पराजित किया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में राजकीय विद्यालय पन्नीवाली की टीम के खिलाफ जीत दर्ज की। लगातार दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा और खिलाड़ियों ने अगले मुकाबले में भी बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोघुनगर की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला नंदराम की ढाणी की टीम के साथ हुआ। निर्णायक मुकाबले में डीएवी स्कूल के खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ खेलते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को शिकस्त दी। इस जीत के साथ डीएवी स्कूल हनुमानगढ़ की टीम ने 31वीं जिला स्तरीय विद्यालयी नेटबॉल प्रतियोगिता का विजेता खिताब हासिल किया।
कोच गुरप्रीत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, आपसी समन्वय और खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के चलते टीम ने जिले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया के माध्यम से विजेता टीम के खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































