– श्री सुंदरकांड मित्र मंडल (प्राचीन) का 15वां वार्षिक महोत्सव संपन्न, 11 गौशालाओं को 5.61 लाख की सेवा राशि भेंट
हनुमानगढ़। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल (प्राचीन) द्वारा रविवार को नई धान मंडी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास 15वां वार्षिक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में सामूहिक रूप से 551 श्री सुंदरकांड महापाठ का संगीतमय एवं राममय वाचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरा वातावरण भक्ति एवं धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत के दर्शन किए तथा भजनों की पुष्पवर्षा के बीच सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया। मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सवामणि प्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंडल सदस्य जयचंद लाहोटी ने बताया कि हनुमानगढ़ की पावन धरा पर यह आयोजन प्राचीन दरबार की असीम अनुकंपा तथा नगरवासियों के स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग से निरंतर आयोजित होता आ रहा है। मंडल की ओर से धार्मिक आयोजन के साथ सेवा कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाती है।
इसी क्रम में सुंदरकांड महापाठ के पश्चात मंडल की ओर से क्षेत्र की 11 गौशालाओं को 51-51 हजार रुपये की सेवा राशि भेंट की गई। इस प्रकार कुल 5 लाख 61 हजार रुपये गौसेवा के लिए प्रदान किए गए। मंडल के इस सेवा कार्य की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
महोत्सव से पूर्व शुक्रवार को भव्य ध्वज शोभायात्रा भी निकाली गई थी। शोभायात्रा टाउन स्थित भटनेर दुर्ग से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नई धान मंडी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची थी। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, जलपान एवं स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































