– महावीर दल धर्मशाला से निकली शोभायात्रा, मुख्य मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल पर पहुंची; 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन
हनुमानगढ़। श्री दुर्गा पूजा समिति, मिथिला कॉलोनी हनुमानगढ़ टाउन की ओर से आयोजित 21वें श्री दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को 551 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। इससे पूर्व मुख्य यजमान अमित मिश्रा सपत्नीक और अमर सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। पूजा संपन्न होने के बाद कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसे अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर शिक्षण समिति अध्यक्ष बालकृष्ण गौल्याण, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन बेबी, पवन खदरीया सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। शोभायात्रा महावीर दल धर्मशाला से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई आयोजन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ भाग लिया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि श्री दुर्गा पूजा महोत्सव पिछले 20 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसमें शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिलता रहा है। श्रद्धालुओं की माता दुर्गा के प्रति गहरी आस्था है। मान्यता है कि महोत्सव के दौरान सच्चे मन और श्रद्धा से माता रानी के समक्ष मनोकामना करने वाले भक्तों की इच्छाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में भाग लेते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































