– कन्यादान की रस्म के दौरान भावुक हुए दर्शक, खदरीया परिवार को समिति ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
हनुमानगढ़। टाउन के नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों की सचेतन झांकी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद माता सीता सहित चारों बहनों के विवाह की रस्मों के तहत कन्यादान किया गया। कन्यादान की रस्म जुगल किशोर खदरीया परिवार ने निभाई। परिवार की ओर से कन्यादान से जुड़ी सभी रस्में पारंपरिक रीति-
रिवाजों के अनुसार श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न करवाई गईं। कन्यादान से पूर्व भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों की भव्य बारात रामलीला रंगमंच से रवाना हुई। बारात बाजार के मुख्य मार्गों से होती हुई नई धान मंडी स्थित दुकान नंबर 110, रुगलाल चेतन प्रकाश दादरी प्रतिष्ठान पर पहुंची। बारात में चारों भाई रथों पर सवार होकर निकले। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर बाराती नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। बारात के मार्ग में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि पंडितजी के सानिध्य में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ दादरी परिवार ने बारात का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा की गई तथा भगवान श्रीराम और चारों भाइयों का तिलक लगाकर आरती उतारी गई। स्वागत सत्कार के बाद बारात वापस रामलीला रंगमंच पहुंची, जहां कन्यादान की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात सभी की मिलनी हुई और यथासंभव उपहार भेंट किए गए। विदाई की बेला में प्रस्तुत मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि श्री रामलीला में सभी पात्र मर्यादा का पालन करते हुए श्रद्धा और भक्तिभाव से मंचन करते हैं। इसी विशेषता के चलते हनुमानगढ़ की यह रामलीला बीकानेर संभाग की पहली रामलीला है। रामलीला का मंचन पुराने और अनुभवी कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। इसका निर्देशन प्रेमरतन पारीक तथा उपनिर्देशन अशोक मिड्ढा और बहादुर सिंह चौहान कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































