राम वनवास के प्रसंग ने दर्शकों को किया भावुक, नम हुईं आंखें

50

– केकई के दो वरदानों से बदली अयोध्या की कहानी, रामलीला के पांचवें दिन वनवास प्रसंग का हुआ सजीव मंचन
हनुमानगढ़।
नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित श्रीरामलीला के पांचवें दिन का मंचन भावनाओं और भक्ति से सराबोर रहा। मंच पर अयोध्या के राजदरबार से लेकर केकई-मंथरा संवाद और भगवान श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास दिए जाने के पश्चात केवट तक के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। केकई के दो वरदान मांगने और राजा दशरथ के विवश होने के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कई दर्शकों की आंखें नम हो उठीं और पूरा रामलीला परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की सचेतन झांकी से हुई। किरयाना व्यापार संघ के सदस्यों ने मां सरस्वती की आरती कर मंचन का शुभारंभ किया। इसके बाद दशरथ दरबार और केकई-मंथरा संवाद का प्रभावशाली मंचन हुआ। मंथरा के बहकावे में आकर केकई द्वारा राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। केकई ने पहले वरदान में भरत के लिए राजगद्दी और दूसरे वरदान में श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा। यह सुनकर राजा दशरथ गहरे शोक में डूब गए। पुत्र वियोग की कल्पना से व्याकुल दशरथ और धर्म का पालन करते हुए वनवास स्वीकार करने वाले श्रीराम के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन में राजा दशरथ की भूमिका मुकेश स्वामी, केकई की भूमिका द्वारपाल, मंथरा की भूमिका महेंद्र सिंह, श्रीराम की भूमिका ओम स्वामी, सीता की भूमिका उज्ज्वल कुमार, लक्ष्मण की भूमिका संजय सैन, कौशल्या की भूमिका मनीष नागपाल,व केवट कि भूमिका में महैेन्द्र सिंह ने निभाई। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवाद अदायगी से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। श्रीरामलीला समिति के सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन में पिछले 66 वर्षों से रामलीला का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। यह बीकानेर संभाग की पहली रामलीला है, जिसका मंचन आज भी परंपरागत शैली में किया जाता है। समिति अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष भी विशेष परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। प्रतिदिन 100 ग्राम चांदी के सिक्के से देवी-देवताओं की झांकी का तिलक किया जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।