सेवा सेतु अभियान के तहत पथ विक्रेताओं को मिले विक्रय प्रमाण पत्र

43

-सभापति मंजू रणवा और पार्षद मोनिका गौतम स्वामी ने लाभार्थियों को सौंपे नामांतरण पत्र
हनुमानगढ़।
राजस्थान सरकार की ओर से संचालित सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत हनुमानगढ़ जंक्शन नगर परिषद के उप कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पथ विक्रेताओं को विक्रय प्रमाण पत्र एवं नामांतरण पत्र वितरित किए गए। नगर परिषद सभापति मंजू रणवा और पार्षद मोनिका गौतम स्वामी ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपकर सरकारी योजना का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को उनके व्यवसाय से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से आमजन तक पहुंचाना रहा। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार की ओर से नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है।
इस अवसर पर सभापति मंजू रणवा ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। पथ विक्रेता शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे अपनी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण करने के साथ ही आमजन को दैनिक जरूरतों का सामान उपलब्ध करवाते हैं। ऐसे में उनके व्यवसाय से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है, ताकि उन्हें अपने कार्यों के संचालन में सुविधा मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।