जंक्शन में आज निकलेगी मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा, 34वें दुर्गा पूजा महोत्सव का होगा आगाज

27
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी नेटवर्क की ओर से आयोजित होने वाले 34वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव का आगाज शुक्रवार, 16 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा एवं मां दुर्गा की मूर्ति के अनावरण के साथ होगा। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार हो चुकी है। कमेटी सदस्यों की ओर से धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कमेटी की ओर से आयोजित यह महोत्सव 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक चलेगा। शुक्रवार शाम 5:15 बजे पूजा स्थल से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि शाम 8:15 बजे मां दुर्गा की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद रात्रि 9:15 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन स्थल हनुमानगढ़ जंक्शन में श्री गंगानगर रोड के नजदीक हाउसिंग बोर्ड मैदान में बनाया गया है। कमेटी सदस्यों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-पाठ, पुष्पांजलि और प्रसाद वितरण के साथ संध्या आरती विधि-विधान से की जाएगी। कार्यक्रमों की शृंखला में 17 अक्टूबर को भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें भजन गायक प्रीतम साचव अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 18 अक्टूबर को श्रीराम प्रभात फेरी के माध्यम से महाआरती की जाएगी। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन होगा। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।