राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ की बैठक में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का मनोनयन

30

-मोहन लाल पारीक संरक्षक, गुरसेवक सिंह वृत अध्यक्ष और महेंद्रपाल सिंह बने महामंत्री
हनुमानगढ़। राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ जिला हनुमानगढ़ की बैठक सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रदेश संरक्षक अशोक भोभिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की विभिन्न इकाइयों में रिक्त चल रहे पदों पर सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में वृत हनुमानगढ़ के वृत अध्यक्ष एवं महामंत्री, खण्ड अध्यक्ष तथा उपखण्ड हनुमानगढ़ टाउन के अध्यक्ष एवं महामंत्री के पद रिक्त होने के कारण इन पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सर्वसम्मति से मोहन लाल पारीक पम्पचालक को संरक्षक, गुरसेवक सिंह को वृत अध्यक्ष और महेंद्रपाल सिंह को वृत महामंत्री मनोनीत किया गया। इसी क्रम में रमेशचन्द्र गलगट को खण्ड अध्यक्ष बनाया गया।
वहीं, उपखण्ड हनुमानगढ़ टाउन की कार्यकारिणी में जयकिशन शर्मा पम्पचालक को अध्यक्ष तथा प्यारेलाल सहायक को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों का मनोनयन उपस्थित सदस्यों की सहमति से किया गया।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों से कर्मचारी हितों को सर्वोपरि रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों का सहयोग और आपसी तालमेल आवश्यक है। कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।