राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल, हनुमानगढ़ ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

31

– जयपुर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान उत्तर प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी हनुमानगढ़ की टीम
हनुमानगढ़, 26 अक्टूबर 2026। भारत विकास परिषद, राजस्थान उत्तर प्रांत द्वारा 25 अक्टूबर को बीकानेर के टी.एम. ऑडिटोरियम में आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान एवं संस्कृत समूह गान प्रतियोगिता में नगर इकाई हनुमानगढ़ के अंतर्गत एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर हनुमानगढ़ का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रांत की विभिन्न शाखाओं की 13 टीमों ने भाग लिया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद नगर इकाई, हनुमानगढ़ द्वारा एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल में विजेता प्रतिभागियों का अभिनंदन किया गया तथा उन्हें शुभकामनाएँ देकर आगामी प्रतियोगिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
टीम में जिया जुनेजा, हितैषी अरोड़ा, हर्षिता अग्रवाल, अपूर्वा ऐरी, नव्या भटेजा, जिया चमडिया, दीक्षा सुथार एवं जैविका दादरी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। संगीत अध्यापक गुलशन अरोड़ा के मार्गदर्शन में बच्चों ने उत्कृष्ट तैयारी, सुर-ताल, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ प्रस्तुति दी। इस सफलता में लक्ष्य अरोड़ा, पंकज जांगिड़, शिक्षिका पूजा पारीक एवं आरती शर्मा का भी सहयोग रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।