एसआईआर में धांधली का आरोप, कांग्रेस ने उठाई बैलेट पेपर से चुनाव करवाने की मांग

31

हनुमानगढ़। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित धांधली का मुद्दा उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने देशभर में चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से करवाने की मांग की।
प्रेस वार्ता को एआईसीसी ऑब्जर्वर अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर, सांसद कुलदीप इंदौरा, पूर्व राज्यमंत्री पवन गोदारा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी और सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक ने सम्बोधित किया!उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढूकिया, जिला सचिव ओबीसी सोहन लाल लदोईया गुरलाल मान, रामचंद्र चौधरी, विनोद मौजूद रहे!इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी होती है तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आमजन का भरोसा प्रभावित होता है।
वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा किसी भी मतदाता को उसके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनता के बीच जा रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का समान अधिकार होना चाहिए। लेकिन जब विपक्ष का कोई सदस्य संसद में आमजन से जुड़े मुद्दे उठाना चाहता है तो कथित तौर पर उसका माइक बंद कर दिया जाता है। यह लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय उसकी बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।