नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार पर दिल्ली-एनसीआर में जमकर आतिशबाजी हुई। दीपों के पर्व के जश्न के बीच पटाखों के धुएं ने राजधानी की हवा को प्रदूषित कर दिया। दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। आसमान में धुएं की मोटी परत छाने से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रात एक बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 372 दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया। यह स्थिति स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद चिंताजनक मानी जा रही है।
दिवाली की रात बड़ी संख्या में लोगों ने पटाखे जलाकर त्योहार मनाया। इसके चलते हवा में धूल के कणों और हानिकारक गैसों की मात्रा बढ़ गई। देर रात कई इलाकों में धुंध दिखाई देने लगी। प्रदूषण का असर विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पटाखों से निकलने वाला धुआं हवा की गुणवत्ता को तेजी से प्रभावित करता है। मौसम में हवा की गति कम होने पर प्रदूषक तत्व लंबे समय तक वातावरण में बने रह सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































