दीपावली पर बाजारों में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त

7

-जंक्शन व टाउन के बाजारों में यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने व्यापारियों के साथ की बैठक, निर्धारित स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग
हनुमानगढ़। दीपावली त्यौहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार बुधवार को जंक्शन स्थित गुरुद्वारा रेलवे स्टेशन रोड पर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इस संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से दुकानों के सामने सड़क पर सामान नहीं रखने की अपील की, ताकि बाजारों में वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस पर व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार 6 नवंबर से 9 नवंबर तक हनुमानगढ़ जंक्शन में भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक, भगत सिंह चौक से बस स्टैंड तथा नगर परिषद वाली गली में चौपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतया बंद रहेगा। दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन की अनुमति रहेगी। वे रेलवे स्टेशन रोड पर बने डिवाइडर के दोनों तरफ अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।