दिवाली पर रोशनी से जगमगाया जयपुर, रंग-बिरंगी सजावट ने बढ़ाई गुलाबी नगरी की खूबसूरती

42

जयपुर। दीपों के पर्व दिवाली पर गुलाबी नगरी जयपुर का नजारा देखते ही बन रहा है। शहर के ऐतिहासिक परकोटे, प्रमुख बाजारों और ऐतिहासिक इमारतों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही पूरा शहर रोशनी से नहा उठा। आकर्षक लाइटिंग और शानदार सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंचे।

इस बार दिवाली पर छोटी चौपड़ की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां राम मंदिर और रामसेतु की मनमोहक झांकी तैयार की गई है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है। वहीं, एमआई रोड पर गुलाबी रंग की आकर्षक लाइटिंग ने पूरे इलाके की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं।

शहर की ऐतिहासिक पहचान अल्बर्ट हॉल भी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। इसकी आकर्षक सजावट देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं और यादगार पलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। परकोटे के बाजारों में भी शानदार विद्युत सजावट की गई है। रोशनी से सजी दुकानों, इमारतों और सड़कों ने दिवाली के उत्साह को और बढ़ा दिया है।

दिवाली के मौके पर जयपुर की खूबसूरती देखते ही बन रही है। पारंपरिक विरासत और आधुनिक रोशनी के अनूठे संगम ने गुलाबी नगरी को एक अलग ही अंदाज में सजा दिया है। शहर की जगमगाहट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।