हनुमानगढ़। पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद पंचायत समिति टाउन, पंचायत समिति जंक्शन और जिला परिषद के विजेता कांग्रेस उम्मीदवारों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद जिले में पंचायत समिति प्रधान और जिला प्रमुख के चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस खेमे में जीत के बाद अब नेतृत्व के चयन को लेकर चर्चाओं और बैठकों का दौर जारी है।
कांग्रेस पार्टी के पंचायत समिति टाउन, पंचायत समिति जंक्शन और जिला परिषद के विजेता उम्मीदवार पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी, गुरमीत चन्दड़ा और पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ की देखरेख में जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव और अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने जिला परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि पंचायत समिति सदस्यों को उपखण्ड अधिकारी श्याम बेनीवाल ने शपथ ग्रहण करवाई। शपथ के दौरान निर्वाचित सदस्यों ने अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और विजेता उम्मीदवारों में उत्साह दिखाई दिया। पंचायत चुनाव में पार्टी को मिले समर्थन के बाद अब संगठन की नजर पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख के पद पर अपने प्रतिनिधियों को स्थापित करने पर है। इसको लेकर पार्टी स्तर पर राजनीतिक समीकरणों, निर्वाचित सदस्यों के समर्थन और दावेदारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































