पटवारी देवीलाल से कथित मारपीट मामले में एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं, पटवार संघ ने दिया धरना

18
हनुमानगढ़। पीलीबंगा तहसील में कार्यरत राजस्व पटवारी देवीलाल के साथ सूरतगढ़ पुलिस की ओर से कथित मारपीट, अवैध हिरासत एवं अमानवीय दुर्व्यवहार के मामले में एक माह बीतने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर राजस्थान पटवार संघ ने सोमवार को जिलेभर में विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान पटवार संघ जिला महासमिति के निर्णयानुसार हनुमानगढ़ जिले के उपखंड एवं तहसील कार्यालयों पर एक दिवसीय धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया गया। पटवार संघ ने सूरतगढ़ थानाधिकारी श्रीमती कलावती सहित घटना में संलिप्त पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने के दौरान राजस्थान पटवार संघ की ओर से पुलिस महानिदेशक राजस्थान, जयपुर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जिलाध्यध अमर सिंह दहिया ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को तहसील पीलीबंगा में कार्यरत पटवारी देवीलाल अपनी पत्नी को आकस्मिक चिकित्सकीय जांच के लिए निजी स्कूटी से सूरतगढ़ स्थित चिकित्सालय ले जा रहे थे। जल्दबाजी के कारण हेलमेट नहीं पहन पाने पर सूरतगढ़ थानाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने यातायात चालान की विधिक प्रक्रिया अपनाने के बजाय उन्हें कथित तौर पर जबरन पुलिस वाहन में डालकर थाने ले गए। संघ ने आरोप लगाया कि थाने में अवैध हिरासत के दौरान पटवारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं अमानवीय दुर्व्यवहार किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।