महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

30

हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय हनुमानगढ़ में महान समाज सुधारक, शिक्षा के अग्रदूत एवं सामाजिक समानता के प्रबल समर्थक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा फुले ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत और अनेक सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना और महिलाओं तथा वंचित वर्गों को शिक्षा एवं समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनके प्रयासों ने समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में नई राह दिखाई।
मक्कासर ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन से हमें अन्याय, भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज उठाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्रदान करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।