जनता ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों को नकार, कांग्रेस को दिया प्रचंड जनादेश : चौधरी विनोद कुमार

27

कांग्रेस सेवादल ने किया  रत्नेश कुमारी का चौधरी विनोद कुमार के आवास पर स्वागत, जीत को जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया

हनुमानगढ़। जिले में पंचायत चुनावों में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है। पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी का कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में चौधरी विनोद कुमार के आवास पर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधान रत्नेश कुमारी को बधाई देते हुए जिले में कांग्रेस की जीत को जनता के विश्वास, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
हनुमानगढ़ जिले में पंचायत चुनाव के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में उत्साहजनक रहे। पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन में कांग्रेस की रत्नेश कड़वा प्रधान निर्वाचित हुईं। उन्होंने प्रधान पद के चुनाव में 12 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा प्रत्याशी अक्षय कुमार को 5 और निर्दलीय सीपीआईएम समर्थित हरजीत कौर को 2 मत मिले। जिले की विभिन्न पंचायत समितियों और जिला परिषद में भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की सफलता से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख पदों पर भी कांग्रेस की जीत ने पार्टी को ग्रामीण क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक आधार मिलने का संदेश दिया।
चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत जनता के भरोसे की जीत है। जिले में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों का निर्वाचित होना इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस की नीतियों, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनहित के मुद्दों को समर्थन दिया है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान करना और गांवों में विकास कार्य करवाना अब सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे विकास और सेवा के माध्यम से कायम रखना होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।