अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के तहत प्रभात फेरी व योग शिविर का आयोजन

218

हनुमानगढ़। आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज हनुमानगढ़ टाउन में जिला आयुर्वेद विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना और 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की जानकारी देना था। प्रभात फेरी की शुरुआत सवेरे सेंट्रल पार्क से हुई, जहां से यह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई जिला आयुर्वेद विभाग कार्यालय में सम्पन्न हुई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में योग संबंधित स्लोगन की तख्तियां लेकर “करो योग रहोगे निरोग”, “जन-जन ने योग अपनाया है, रोगों को दूर भगाया है” जैसे नारे लगाते हुए आमजन को योग के लाभों से अवगत कराया।
प्रभात फेरी से पूर्व सेंट्रल पार्क में एक योग शिविर का आयोजन भी किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं सीखी। शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित जनसमूह को योग करने की सही विधियां बताईं और रोजमर्रा की जीवनशैली में योग को अपनाने का आग्रह किया।इस मौके पर आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक तीर्थ कुमार शर्मा ने बताया कि 21 जून 2025 को ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसी के अंतर्गत आज की प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन में भाग लेकर योग के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।
आयोजन में कई स्थानीय सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों की सहभागिता रही, जिससे यह आयोजन जनआंदोलन का रूप लेता दिखा। जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन की व्यवस्था सराहनीय रही, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।अंत में अधिकारियों ने सभी नागरिकों से 21 जून को भटनेर दुर्ग में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की और जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाने का संदेश दिया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।