एस.पी. स्केटिंग क्लब के बच्चों ने रियल गोल्ड स्टेट चैंपियनशिप में मारी बाज़ी

211

– नेपाल में होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन, हनुमानगढ़ में हुआ सम्मान
हनुमानगढ़।
“अगर जीत का जज़्बा हो और किसी खेल को शिद्दत से खेला जाए, तो सफलता ज़रूर मिलती है। स्केटिंग ऐसा खेल है जो बच्चों को शारीरिक रूप से दक्ष बनाता है और मानसिक विकास में भी सहायक होता है।” यह विचार बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के मजिस्ट्रेट जितेंद्र गोयल ने व्यक्त किए। वे जयपुर में आयोजित 24वीं रियल गोल्ड स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप में विजयी हुए एस.पी. स्केटिंग क्लब (सिविल लाइन) के बच्चों के सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
प्रतियोगिता में 5 वर्षीय निवान और 10 वर्षीय नितेश ने गोल्ड मेडल, जीवेश ने सिल्वर मेडल और हार्दिक ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राज्य स्तर पर हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के बाद इन चारों होनहार खिलाड़ियों का चयन 26 जून से 28 जून तक नेपाल में आयोजित होने वाली रियल गोल्ड इंटरनेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन बाल कल्याण समिति कार्यालय में किया गया, जहां बच्चों का स्वागत कर उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर कोच गौतम पारीक ने बताया कि ये बच्चे कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतने की पूरी क्षमता रखते हैं।
सीडब्ल्यूसी मजिस्ट्रेट गोयल ने कहा कि स्केटिंग जैसे खेल बच्चों में फोकस, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। यह खेल न सिर्फ फुर्तीला बनाता है, बल्कि उन्हें जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक प्रेमाराम कस्वां, जीआरपी थाना प्रभारी मोहनलाल, सीडब्ल्यूसी सदस्य प्रेमचंद शर्मा, सुमन सैनी, विजय सिंह चौहान, अधिवक्ता अमिताभ सैनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों और कोच गौतम पारीक को राज्य स्तरीय सफलता के लिए बधाई दी और आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।