-दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक व किसानों पर हमलों के विरोध में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बैठक टाउन पार्टी कार्यालय में जिला सचिव मण्डल सदस्य आत्मा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 09 अक्टूबर को जिला कलक्टर कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पार्टी नेताओं ने हाल के दिनों में दलित, आदिवासी, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखी चेतावनी जारी की।
सचिव मण्डल सदस्य शेर सिंह शाक्य ने बताया कि राज्य में दलित और आदिवासियों पर जघन्य अत्याचार हो रहे हैं। श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर में दलित बालिका के साथ दुष्कर्म, जोधपुर में दलित छात्र की अमानवीय मारपीट, डूंगरपुर में पुलिस थाने में आदिवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या जैसी घटनाएं सामने आई हैं। वहीं अल्पसंख्यक पशुपालक-किसानों पर भी हमले बढ़े हैं। भीलवाड़ा में मध्य प्रदेश के निर्दाेष पशु व्यापारी आसिफ बाबू की हत्या, दक्षिण और पूर्वी राजस्थान में गौरक्षकों और डकैतों की राजनीतिक संरक्षण में लूट-खसोट की घटनाएं, किसानों की आय में भारी कमी का कारण बन रही हैं।
तहसील सचिव बसंत सिंह ने धर्मांतरण विरोधी बिल और ईसाई समुदाय के स्थलों पर हमलों पर भी चिंता व्यक्त की गई। राजस्थान विधानसभा में पारित धर्मांतरण विरोधी बिल के बाद राज्य के दस से अधिक जिलों में ईसाई समुदाय के पूजा स्थलों पर मारपीट, तोड़-फोड़ और लूट-खसोट की घटनाएं हुई हैं। पार्टी ने इसे संविधान और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































