नरमा व धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग तेज

208

-किसानों ने कृषि उपज मंडी कार्यालय पर दिया धरना, जताया आक्रोश
हनुमानगढ़।
 नरमा, मूंग  और धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन कृषि उपज मंडी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करवाया। किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा समय पर खरीद नहीं होने के कारण उन्हें औने-पौने दामों पर अपनी उपज बेचनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान एकजुट हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसान नेता ओम स्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार बड़े-बड़े वादे करती है लेकिन किसानों की मूल समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। नरमा, धान और मूंग जैसी फसलों की सरकारी खरीद बंद पड़ी है, जबकि किसान अपनी मेहनत की कमाई का उचित मूल्य पाने के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द खरीद शुरू नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर ने कहा कि किसान इस समय सबसे बड़ी मार झेल रहे हैं। खाद, बीज और मजदूरी पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार यदि तुरंत नरमा, धान और मूंग की खरीद शुरू नहीं करती तो किसानों के साथ मिलकर सोमवार को कृषि उपज मण्डी समिति के समक्ष धान व नरमा सहित अन्य जिन्सों को गेट के समक्ष गेरकर आन्दोलन को उग्र किया जायेगा।
धरने में किसान नेता मोहन लोहरा ने कहा कि सरकारी खरीद केंद्र नहीं खुलने से बिचौलियों की चांदी हो रही है। वे किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर औने-पौने दामों पर उपज खरीद रहे हैं। किसानों ने कहा कि जब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
धरना स्थल पर किसानों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए साफ किया कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं। किसान नेताओं ने बताया कि सरकारी खरीद शुरू होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी बल्कि बाजार में भी पारदर्शिता बनी रहेगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मंडी कार्यालय के बाहर बैठकर नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बूटा सिंह सुखदेव सिंह, भेराराम, चेतराम, बालकरीशान, भूपेंदर कुमार, मिठूसिंह, शोहन सिह, सतवीर सिंह, उत्तम सिंह, वलकरण सिंह, वलकारसिंह, ओमप्रकाश, सुखदेव,मोहन लोहरा,अजीत कड़वासरा, पपु गोस्वामी, अजेव सिंह, मदन मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।