शरद पूर्णिमा पर श्री सिद्धेश्वर सुंदरकांड बालाजी मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन

188

– विशेष श्रृंगार, वैदिक हवन और प्रसाद वितरण में उमड़ी भक्तों की भीड़, दो दिवसीय पांचवां शरद महोत्सव श्रद्धा व उल्लास से सम्पन्न
हनुमानगढ़। टाउन स्थित आदर्श कॉलोनी, बेनीवाल हॉस्पिटल के सामने स्थित श्री सिद्धेश्वर सुंदरकांड बालाजी मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य महाआरती एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में दो दिवसीय पांचवां शरद महोत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मित्र मंडल प्रवक्ता संजय पारीक ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:15 बजे बालाजी महाराज के दूध-दही एवं पंचामृत स्नान से हुई। इसके बाद जयपुर के भक्त श्री जुगल किशोर जी द्वारा भेजे गए सुगंधित विशेष द्रव्यों से बालाजी महाराज का विशिष्ट स्नान करवाया गया। सुबह 9:15 बजे ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णिमा हवन सम्पन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंडल अध्यक्ष सुशील गर्ग ने बताया कि शरद पूर्णिमा की रात को शीतलता और अमृत वर्षा की रात कहा जाता है। इसी विशेषता के अनुरूप बालाजी महाराज को पारंपरिक सफेद एवं आकर्षक डिजाइन वाले वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। साथ ही मंदिर के चांदी के प्राचीन दरबार को सुंदर भाव से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य आभा से आलोकित हो उठा।
रात्रि 8:15 बजे गंगा आरती की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने दीपों की ज्योति के साथ बालाजी महाराज की आरती में भाग लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वातावरण “जय बालाजी महाराज” के जयकारों से गूंज उठा और आरती का दृश्य अत्यंत मनमोहक रहा।
कार्यक्रम के अंत में बालाजी महाराज को खीर और चूरमे का विशेष भोग लगाया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं को खीर एवं चूरमा प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्ति संगीत, कीर्तन और श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी रही। आयोजक मंडल ने सभी सेवादारों और श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धार्मिक एकता, संस्कार और भक्ति भावना को मजबूत करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।