– गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र हनुमानगढ़ में विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत, कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा ने किया सम्मानित
हनुमानगढ़। गृह रक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बीकानेर संभाग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस विजेता टीम में हनुमानगढ़ के चार खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा, जिनकी शानदार भूमिका के चलते बीकानेर संभाग ने फाइनल मुकाबले में अजमेर संभाग को करारी शिकस्त दी।
राजधानी जयपुर स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बीकानेर संभाग की टीम ने अजमेर संभाग को 10 विकेट से पराजित किया। मैच के दौरान बीकानेर संभाग की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही बेहतरीन रही। अजमेर संभाग की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में कम स्कोर ही बना सकी, जिसे बीकानेर संभाग ने बिना किसी विकेट के नुकसान के सहजता से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ बीकानेर संभाग ने राज्य स्तर पर गौरव प्राप्त किया।
सोमवार को हनुमानगढ़ गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में बीकानेर संभाग की इस विजेता टीम के चार हनुमानगढ़ खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर गृह रक्षा कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा ने खिलाड़ियों को प्रशंसा पत्र देकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ के जवानों ने न केवल जिले का बल्कि पूरे संभाग का नाम रोशन किया है।
कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा ने बताया कि हनुमानगढ़ की गृह रक्षा टीम ने पहले बीकानेर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश किया था। इसके बाद राज्य स्तर पर बीकानेर संभाग की टीम में हनुमानगढ़ के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया, जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि नियमित ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच खेलकूद व्यक्ति के जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं। खेल न केवल मानसिक तनाव को कम करते हैं बल्कि शरीर को भी स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखते हैं। उन्होंने सभी गृह रक्षकों से अपील की कि वे अपने कार्य के साथ-साथ खेलों में भी भागीदारी करें ताकि आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































