वन विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ भड़की डीवाईएफआई, शेरगढ़ क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटाई पर जांच की मांग

249

– छह माह से चल रही हरे वृक्षों की कटाई, विभागीय मिलीभगत का आरोप, बाहर की जांच कमेटी गठित करने की मांग
हनुमानगढ़। वन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मिलीभगत से लगातार हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) ने उपवनसंरक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि केएसपी माइनर शेरगढ़ क्षेत्र में पिछले छह माह से हरे वृक्षों की खुलेआम कटाई की जा रही है, जिससे न केवल पर्यावरण को गहरा नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकार को राजस्व की भी भारी हानि हो रही है।
डीवाईएफआई नेता जगजीत सिंह जग्गी व जिला सचिव वेद मक्कासर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार द्वारा एक ओर हरित राजस्थान अभियान चलाकर वृक्षारोपण के लिए जनता को प्रेरित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वन विभाग के कुछ अधिकारी और कर्मचारी ठेकेदारों से मिलीभगत कर हरे-भरे पेड़ों की कटाई करवा रहे हैं। संगठन का कहना है कि जब ग्रामीणों ने पेड़ काटने वालों से अनुमति के बारे में पूछा तो उन्होंने खुलेआम कहा कि “हम बिना परमिशन के पेड़ काटते रहेंगे, जो करना है कर लो।”
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि हनुमानगढ़ जिले के कई क्षेत्रों, विशेषकर खेजड़िया और शेरगढ़ इलाके में लगातार हरित वृक्षों का सफाया किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। DYFI ने इस स्थिति के लिए वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
संगठन ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हनुमानगढ़ जिले के बाहर की एक स्वतंत्र जांच कमेटी गठित की जाए, ताकि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका उजागर हो सके। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
डीवाईएफआई ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की होगी।
इस मौके पर जगजीत सिंह जग्गी, वेद मक्कासर, मनीष,  सोहनलाल, सुभाष, ओम प्रकाश, निरंजन ,बुधराम, महेंद्र, राधेश्याम ,चंद्रभान, हनुमान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।